
उदयपुर के महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय में पार्किंग व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। अस्पताल की कार्डियोलॉजी पार्किंग से स्पोर्ट्स बाइक चोरी होने की घटना ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। खास बात यह है कि अस्पताल परिसर की पार्किंग ठेके पर संचालित की जाती है, जहां वाहन सुरक्षा और निगरानी के दावे किए जाते हैं। इसके बावजूद चोर आसानी से बाइक का लॉक तोड़कर वाहन लेकर फरार हो गए। पीड़ित अव्वास अली हुसैन के पुलिस में दी रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने 9 मई की रात अपनी बजाज आरएस-200 बाइक कार्डियोलॉजी पार्किंग में खड़ी की थी। उनके पिता अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती थे। अगले दिन सुबह जब वे पार्किंग पहुंचे तो बाइक गायब मिली। पार्किंग गार्ड ने बताया कि दो युवक बाइक लेकर चेतक मार्ग की तरफ जाते दिखाई दिए थे। घटना की सूचना मिलने पर हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो युवक बाइक लेकर अस्पताल परिसर से निकलते हुए नजर आए। सवाल यह उठ रहा है कि जब पार्किंग का ठेका दिया गया है और वहां गार्ड तैनात हैं, तो फिर चोर इतनी आसानी से वाहन चोरी कर कैसे फरार हो गए। एमबी हॉस्पिटल में रोजाना हजारों मरीज और परिजन आते हैं। ऐसे में पार्किंग में सुरक्षा की कमी लोगों की चिंता बढ़ा रही है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पार्किंग ठेकेदार की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।